मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के एक बयान ने एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। बुधवार (24 दिसंबर) को सागर जिले के बीना में स्वर्गीय राकेश सिरोठिया की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे मंत्री विजयवर्गीय ने ताजमहल को लेकर विवादित टिप्पणी की।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि ताजमहल का निर्माण पहले एक मंदिर के रूप में हो रहा था, जिसे बाद में मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी बेगम मुमताज महल का मकबरा बनवा दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुमताज को पहले बुरहानपुर में दफनाया गया था, लेकिन बाद में जहां मंदिर निर्माण की बात कही गई, उसी स्थान पर शव को दफनाकर ताजमहल का निर्माण कराया गया।
अपने संबोधन में मंत्री विजयवर्गीय ने बिहारियों को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सामान्यतः बिहारी विनम्र नहीं होते, लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नवीन नितिन इस धारणा से अलग हैं। इसी क्रम में उन्होंने बीना की विधायक निर्मला सप्रे का उल्लेख करते हुए कहा कि वे पहले कांग्रेस से चुनाव लड़ी थीं, लेकिन अब भाजपा के साथ हैं।
इससे पहले मंत्री विजयवर्गीय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया। स्वर्गीय राकेश सिरोठिया को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वे सदैव मुस्कुराते रहते थे और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते थे। उनकी स्मृति में आयोजित यह क्रिकेट टूर्नामेंट युवाओं को जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, विधायक शैलेन्द्र जैन, विधायक निर्मला सप्रे, पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे, डॉ. विनोद पंथी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





