UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के भोजपुर क्षेत्र स्थित बहेड़ी ब्रह्मनान गांव में बीएलओ सर्वेश सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल से पुलिस और परिजनों को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह SIR टारगेट पूरा नहीं कर पा रहे थे और लगातार तनाव की स्थिति में रहते थे। इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
UP News: सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे सर्वेश
46 वर्षीय सर्वेश सिंह भगतपुर टांडा ब्लॉक के जाहिदपुर सीकमपुर गांव के कंपोजिट विद्यालय में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें उल्लेख किया गया था कि उन्हें 7 अक्टूबर को बीएलओ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
घर में फंदे से लटका मिला शव
रविवार सुबह उनके परिजनों ने घर के भीतर उन्हें फंदे पर लटका हुआ पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की छानबीन की। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है।







