मुज़फ्फरनगर: शाहपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान विनोद गड़रिया गिरोह के सक्रिय सदस्य और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश रवि, निवासी जगदीश नगर (पानीपत), को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपी ककरौली में एक और शाहपुर में दो डकैती की घटनाओं में वांछित था।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि शाहपुर थाना पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान गांव निर्माणा मार्ग पर एक संदिग्ध बाइक को रोकने का इशारा किया गया, तो बाइक सवार खेतों की ओर भाग गया और पुलिस पर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि बताया।
विनोद गड़रिया गिरोह से संबंध
एसपी देहात के अनुसार, गिरफ्तार रवि कुख्यात इनामी बदमाश विनोद गड़रिया गिरोह का सदस्य है। गिरोह का सरगना विनोद गड़रिया बुलंदशहर में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। पिछले वर्ष उसके एक अन्य साथी अजयवीर की भी बुढ़ाना क्षेत्र में मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। गिरोह के सदस्यों ने पिछले साल ककरौली, मंसूरपुर और शाहपुर में कई डकैतियां की थीं।
मुज़फ्फरनगर पुलिस ने की कार्रवाई
अब तक पुलिस गिरोह के दर्जनभर से अधिक सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। रवि शाहपुर क्षेत्र में फिर से डकैती की योजना बनाने के लिए रेकी करने आया था। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और चोरी की संदिग्ध बाइक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। प्रेसवार्ता में सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह और एसओ शाहपुर मोहित कुमार भी मौजूद रहे।





