लखनऊ: यूपी समेत 9 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट अपडेट (Voter List Update) के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। यह अभियान 7 फरवरी 2026 तक चलेगा, जब अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रदेश में 22 साल बाद SIR किया जा रहा है। यह प्रक्रिया बेहद अहम है क्योंकि इससे मतदाता सूची को पूरी तरह से अद्यतन किया जाएगा।
फॉर्म में पहले से दर्ज होंगी ये जानकारियां
इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे। वे मतदाता को गणना फॉर्म की दो कॉपियां देंगे, जिसमें से एक कॉपी मतदाता भरकर BLO को देनी होगी। यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा। गणना फॉर्म में पहले से मतदाता का नाम, EPIC नंबर, भाग संख्या, क्रम संख्या, विधानसभा का नाम, राज्य का नाम और फोटो दर्ज होगा। अगर कोई मतदाता अपनी फोटो अपडेट करना चाहता है तो उसे नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो चिपकानी होगी।

ये जानकारियां भरनी होंगी अनिवार्य
मतदाता को फॉर्म में निम्नलिखित विवरण भरने होंगे –
- जन्मतिथि
- मोबाइल नंबर
- पिता/अभिभावक या माता का नाम
- पति या पत्नी का नाम (यदि विवाहित हों)
- सभी के EPIC नंबर (यदि उपलब्ध हों)
इसके साथ ही 2003 के SIR के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नाम और विवरण भी भरना होगा, जैसे – नाम, EPIC नंबर, संबंधी का नाम व संबंध, जिला, राज्य, विधानसभा, भाग संख्या और क्रम संख्या। फिलहाल गणना फॉर्म के साथ कोई दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं है। जब निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) दस्तावेज मांगेंगे, तब मतदाता को वह प्रस्तुत करने होंगे।





