मुजफ्फरनगर: आगामी कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व (शुकतीर्थ गंगा स्नान मेला) को लेकर जनपद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थाना भोपा क्षेत्र के शुकतीर्थ सहित विभिन्न गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शुकतीर्थ गंगा स्नान मेला के सुचारू और सफल आयोजन के लिए दोनों अधिकारियों ने घाटों की सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल आपूर्ति, गोताखोर दल तथा भीड़ प्रबंधन जैसी सभी तैयारियों का विस्तार से निरीक्षण और समीक्षा की।

शुकतीर्थ गंगा स्नान मेला को लेकर जिलाधिकारी ने दिए उचित निर्देश
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संबंधित सभी विभागों को निर्देशित किया कि शुकतीर्थ गंगा स्नान मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर पंचायत, स्वच्छता तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
एसएसपी ने सुरक्षा पर जोर दिया, ड्रोन निगरानी के निर्देश
श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी भोपा और थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि पुलिस बल को पूरी तत्परता के साथ ड्यूटी पर तैनात किया जाए, यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था फैलने से सख्ती से निपटा जाए।
सुरक्षा प्रबंधन को और सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से भीड़ की निरंतर निगरानी करने और कंट्रोल रूम से सभी अधिकारियों के बीच समुचित समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एमडीए की उपाध्यक्ष कविता मीणा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशमुख, एडीएम वित्त गजेन्द्र सिंह, विकास प्राधिकरण सचिव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी भोपा देवव्रत सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।





