Sunday, March 22, 2026

‘साँप से कटवा लो, 10,000 दूंगा’—चैलेंज मिलते ही कोबरा के आगे बढ़ा दिया हाथ; फिर हुआ ये खौफनाक कांड!

सहारनपुर: लालच कई बार जान पर भारी पड़ जाता है। ऐसा ही दर्दनाक मामला सहारनपुर में सामने आया, जहाँ 10,000 रुपये की शर्त जीतने के चक्कर में कोबरा से कटवाने वाले युवक सिकंदर नाथ (34) की जान चली गई। सिकंदर नाथ गांव-गांव घूमकर जड़ी-बूटियाँ बेचता था और दावा करता था कि उसके पास ऐसी औषधि है, जो सांप के जहर को बेअसर कर देती है।

जब वह सहारनपुर के सुंदरपुर पहुँचा, तो कुछ लोगों से उसकी बातों को लेकर बहस हो गई। वहीं मौजूद कुछ युवकों ने उसकी बात साबित करने के लिए उसे कोबरा से कटवाने की चुनौती दी, और इसके बदले 10,000 रुपये देने की पेशकश भी की। पास खड़े लोगों ने सिकंदर को ऐसा न करने की सलाह दी, लेकिन वह नहीं माना। उसने बहस और चुनौती के बीच अपनी उंगली को कोबरा के सामने कर दिया। वीडियो बनाने वाले लोग तमाशा देखते रहे और रिकॉर्डिंग करते रहे।

थोड़ी देर में हालत बिगड़ी, रास्ते में मौत

सांप के डंसने के कुछ ही मिनटों बाद सिकंदर की तबीयत तेजी से खराब होने लगी। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। यह मामला 10–11 नवंबर का बताया जा रहा है और वीडियो सहारनपुर जनपद के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गणेशपुर गाँव का है। परिवार ने इस पूरी घटना को साजिशन हत्या बताते हुए पाँच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस वीडियो में नजर आने वाले उकसाने वालों की तलाश कर रही है।

जहरीले डंस को रोकने वाली जड़ी-बूटी का दावा

एसपी देहात सागर जैन के अनुसार, कुछ लोग सड़क किनारे जड़ी-बूटी बेच रहे थे और दावा कर रहे थे कि यह जड़ी-बूटी सांप के काटने का असर खत्म कर देती है। उसी दौरान मौके पर मोहित नाम का एक यूट्यूबर, जो स्नेक रेस्क्यू भी करता है, वहाँ पहुँचा। मोहित ने सिकंदर को बताया कि उसके पास अभी-अभी रेस्क्यू किया गया कोबरा मौजूद है। उसने सिकंदर को कोबरा से कटवाने और फिर अपनी ही जड़ी-बूटी से इलाज करने की चुनौती दी और इसके बदले 10,000 रुपये की शर्त रखी। उकसावे में आकर सिकंदर ने खुद को सांप से कटवा लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि

तबीयत खराब होने पर सिकंदर को बिजनौर में इलाज के लिए ले जाया गया, जहाँ से उसे हाई सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि सिकंदर की मौत सांप के काटने से हुई थी।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights