Sunday, March 22, 2026

योगी के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर पर आरोप — ट्रस्ट के नाम खरीदीं 10 करोड़ की जमीनें! उठी CBI जांच की मांग

लखनऊ: आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर और संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह राणा ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर एवं उनकी पत्नी की संपत्ति में कथित रूप से आय से तीन गुना वृद्धि के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेजकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

शिकायत में कहा गया है कि सोमेंद्र तोमर द्वारा वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में दाखिल शपथपत्रों के अनुसार, इस अवधि में मंत्री की कुल आय ₹43 लाख और उनकी पत्नी की आय ₹29 लाख दर्शाई गई है। इस प्रकार दोनों की सम्मिलित आय ₹72 लाख होती है। इसके विपरीत, पाँच वर्षों के दौरान सोमेंद्र तोमर की चल एवं अचल संपत्तियों में ₹1.85 करोड़ की वृद्धि और उनकी पत्नी की संपत्तियों में ₹28 लाख की वृद्धि दर्ज है। यानी कुल मिलाकर ₹2.13 करोड़ की संपत्ति वृद्धि दिखाई देती है, जो उनकी घोषित आय से लगभग तीन गुना अधिक प्रतीत होती है।

अमिताभ ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि सोमेंद्र तोमर शांति निकेतन ट्रस्ट नामक एक निजी ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। शिकायत में उल्लेख है कि इस ट्रस्ट ने जनवरी 2023 से अप्रैल 2025 के बीच कायस्त मावंडी गांव में लगभग ₹10.5 करोड़ की लागत से करीब 47,000 वर्गमीटर भूमि खरीदी है। इसी आधार पर उन्होंने इस ट्रस्ट की भी जांच की मांग की है। अमिताभ ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो वे इस मामले को आगे लेकर जाएंगे।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights