मुज़फ्फरनगर। शुकतीर्थ-मुज़फ्फरनगर मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होती नजर आ रही है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन जाम, दुर्घटनाओं और आमजन की परेशानी बढ़ती जा रही थी।
मीरापुर विधायक मिथलेश पाल ने बीते माह लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस मार्ग की समस्या रखी थी। मुख्यमंत्री ने मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए पत्रावली पीडब्ल्यूडी विभाग को भेजी थी।

शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी की टीम ने क्षेत्र का सर्वे कर स्थल निरीक्षण किया और चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की। बताया जा रहा है कि सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद जल्द ही कार्य की औपचारिक मंजूरी दी जाएगी।
स्थानीय लोगों ने विधायक के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि इस सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और शुकतीर्थ आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।





