लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का बिहार के विधानसभा चुनाव 2025 के मैदान में चुनावी प्रचार अभियान जोरों पर चल रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ बिहार चुनाव के दौरान न केवल पटना की राजनीति को साध रहे हैं, बल्कि वे साथ साथ ही लखनऊ और दिल्ली को भी निशाने पर ले रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने विपक्ष के तीन बड़े चेहरों पर सीधा प्रहार किया। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और बिहार में विपक्ष के सीएम फेस राजद नेता तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए सीएम योगी ने उन्हें गांधी जी के तीन बंदरों से जोड़ दिया।
CM योगी ने क्या कहा?
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बिहार के दरभंगा की केवटी विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आपने गांधी जी के तीन बंदरों के बारे में सुना होगा। गांधी जी के तीन बंदर थे। गांधी जी ने तो उनको शिक्षित किया था, बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो और बुरा मत बोलो। आज इंडी गठबंधन के भी तीन बंदर आ गए हैं। ये तीन बंदर हैं पप्पू, टप्पू और पप्पू। आगे उन्होंने कहा कि पप्पू सच बोल नहीं सकता। अच्छा बोल नहीं सकता। टप्पू अच्छा देख नहीं सकता और अप्पू सच सुन नहीं सकता।
सीएम योगी ने कहा कि इनको NDA सरकार के द्वारा किए गए विकास दिखाई नहीं दे रहे हैं। उसकी खुशबू इनको सुनाई नहीं दे रही है, दिखाई नहीं दे रही है। ये उसके बारे में बोल नहीं सकते, सुन नहीं सकते, देख नहीं सकते और इसीलिए तो दुष्प्रचार कर रहे हैं।
राहुल गांधी पर लगाया सीधा आरोप
सीएम योगी ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि आपने देखा होगा कांग्रेस के नेता राहुल गांधी जब भी कहीं जाते हैं, भारत के खिलाफ ही बोलते हैं। भारत को अपमानित करने का काम करते हैं। विदेशी आक्रांताओं का महिममंडन करते हैं। ये इंडी गठबंधन के तीन बंदरों की जोड़ी है, ये तीनों बिहार में खानदानी माफिया को गले लगा करके, अपना हमदर्द बना कर बिहार के लोगों की सुरक्षा में सेंध लगाने का कार्य कर रहे हैं।





