Muzaffarnagar: भौराकलां क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब बदायूं में तैनात यूपी पुलिस का एक सिपाही अपनी शादी की तैयारी में जुटा था और अचानक उसकी प्रेमिका पुलिस के साथ वहां पहुंच गई। डीजे बज रहा था, बारात निकलने को तैयार थी, लेकिन प्रेमिका ने शादी से पहले ही पूरा माहौल बदल दिया। (Muzaffarnagar)
जानकारी के अनुसार, भौराकलां थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव निवासी सिपाही की शादी बुढ़ाना क्षेत्र के एक गांव में तय हुई थी। विवाह समारोह के लिए शाहपुर स्थित एक बैंक्वेट हॉल बुक किया गया था। लेकिन जैसे ही बदायूं से आई युवती भौराकलां पुलिस के साथ जैतपुर पहुंची, उसने खुद को सिपाही की प्रेमिका बताते हुए सबके सामने उसके साथ अपनी तस्वीरें दिखा दीं। पहले तो सिपाही ने इस रिश्ते से इंकार किया, लेकिन सबूतों के सामने वह चुप रह गया। यह मामला रात तक दुल्हन पक्ष तक पहुंचा, जिसके बाद शादी टूट गई।
दूल्हे पक्ष ने लौटाई रकम और सामान (Muzaffarnagar)
दुल्हन पक्ष बुढ़ाना क्षेत्र की खाप पंचायत से जुड़ा था। पूरे आयोजन में कई गणमान्य लोग आमंत्रित थे, लेकिन सिपाही के इस व्यवहार से दुल्हन पक्ष को भारी अपमान झेलना पड़ा। दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि शादी नहीं होगी। दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष को दी गई रकम और शादी में दिया गया कीमती सामान वापस कर दिया। (Muzaffarnagar)
प्रेमिका बोली–सिपाही के खिलाफ कराऊंगी मुकदमा
शिकायत के बाद प्रेमिका रविवार दोपहर तक भौराकलां थाने में बैठी रही। जब उसे शादी टूटने की जानकारी मिली, तो वह बदायूं लौट गई। युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपने थाने में सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएगी। जानकारी के अनुसार, सिपाही और युवती के बीच दो साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों कुछ समय तक लिव-इन में भी रहे। सिपाही ने युवती से शादी का वादा किया था, लेकिन घर आकर परिजनों की मर्जी से दूसरी शादी तय कर ली। इस बात का पता लगते ही प्रेमिका ने सच्चाई उजागर कर दी। (Muzaffarnagar)





