बिग बॉस 19′ के घर में एक बार फिर बवाल मच गया है। वाइल्ड कार्ड एंट्री मालती चाहर ने कंटेस्टेंट तान्या मित्तल के पुराने बिज़नेस को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। मालती ने खुलेआम दावा किया है कि तान्या मित्तल ‘एडल्ट टॉयज’ (Adult Toys) बेचा करती थीं।
बिज़नेस और निजी ज़िंदगी पर लगाए गंभीर आरोप
यह विवाद तब शुरू हुआ जब मालती चाहर घर के कुछ सदस्यों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा, “मैंने सुना है कि उनके (तान्या मित्तल के) कई बिज़नेस बंद हो गए हैं। उनका एक ऐसा बिज़नेस भी था जिसके बारे में मैं बता भी नहीं सकती।” जब अन्य घरवालों ने मालती से इस बारे में और पूछा, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि तान्या ‘एडल्ट टॉयज’ बेचती थीं।
मालती ने तान्या पर अपनी इमेज को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तान्या घर में खुद को ‘संस्कारी लड़की’ और ‘सती सावित्री’ दिखाने का ढोंग कर रही हैं, जबकि उनकी निजी ज़िंदगी और सार्वजनिक छवि बिल्कुल अलग है।
मालती ने कहा, “वह खुद को जिस तरह से पेश करती हैं, वह पूरी तरह से अलग है। घरवाले उनका सिर्फ एक ही पक्ष जानते हैं।” उन्होंने तान्या के मिनी स्कर्ट और ब्लाउज के बिना पेटीकोट में रील्स और वीडियोज़ का ज़िक्र करते हुए कहा कि तान्या अपनी असलियत छुपा रही हैं।
तान्या ने आरोपों को किया खारिज़
लिविंग एरिया में बैठी तान्या मित्तल को जल्द ही पता चल गया कि मालती उन्हीं के बारे में बात कर रही हैं। उन्होंने तुरंत नेहल और गौरव से मालती से पूछताछ करने को कहा। हालांकि, बाद में जब नेहल और गौरव ने तान्या से उनके बिज़नेस के बारे में पूछा, तो उन्होंने मालती के सभी दावों को पूरी तरह से खारिज़ करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी ऐसे किसी बिज़नेस में हिस्सा नहीं लिया।
इस दौरान, नेहल और कुनिका ने तान्या का समर्थन करते हुए कहा, “तान्या जो कुछ भी करती हैं, वह उनकी निजी पसंद है। भले ही उन्होंने ऐसा किया हो, यह उनकी ज़िंदगी है और किसी को भी इस पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।”
मालती के इन सनसनीखेज दावों ने ‘बिग बॉस 19’ के घर में एक और बड़ा ड्रामा शुरू कर दिया है।





