Wednesday, May 6, 2026

पुष्कर पशु मेले में जीएसटी टीम की एंट्री! करोड़ों के घोड़ों की खरीद-फरोख्त पर शुरू हुई जांच

पुष्कर पशु मेले में इस बार अब तक का सबसे महंगा घोड़ा 12 लाख रुपये में बिकने की पुष्टि हुई है। पशुपालन विभाग ने बताया कि सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से 40 लाख और 8 करोड़ रुपये तक के घोड़ों की बिक्री के दावे वायरल हो रहे थे, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं था। इन अफवाहों ने विभाग के साथ-साथ कर विभाग को भी सतर्क कर दिया। पशुपालन विभाग के डॉक्टर अरविंद खरे ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक खबरों से विभाग को काफी असुविधा हुई, क्योंकि बिना किसी प्रमाण के अत्यधिक कीमतों का प्रचार किया जा रहा था।


पुष्कर पशु मेले में वायरल दावों के बाद सक्रिय हुआ GST विभाग

महंगे घोड़ों की बिक्री के वायरल दावों के बाद जीएसटी विभाग की टीम ने पुष्कर मेले में अस्थायी कैंप स्थापित किया और रोज़ाना खरीदारों व विक्रेताओं के लेनदेन की जांच की।
इन लेनदेन का विवरण “सफेद चिट्ठी” नामक दस्तावेज़ में दर्ज किया जाता है, जिसे पशुपालन विभाग प्रतिदिन तैयार करता है। जांच के दौरान जीएसटी टीम ने स्पष्ट किया कि अभी तक ऐसा कोई सौदा नहीं हुआ है जो कर योग्य दायरे में आता हो। रिकॉर्ड के अनुसार, अब तक सबसे महंगा घोड़ा 12 लाख रुपये में बिका है। जीएसटी नियमों के तहत 40 लाख रुपये से अधिक के लेनदेन पर ही कर देय होता है।


6 नवंबर तक आएगी अंतिम रिपोर्ट

पशुपालन विभाग ने स्पष्ट किया कि फिलहाल मेले में किसी भी घोड़े की बिक्री जीएसटी योग्य सीमा तक नहीं पहुंची है। सोशल मीडिया पर प्रसारित ऊंची कीमतों के दावे पूरी तरह भ्रामक हैं। डॉ. आलोक खरे ने बताया कि सभी खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा गया है और 6 नवंबर की शाम तक अंतिम रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी। विभाग ने जनता से अपील की है कि पुष्कर मेले से संबंधित किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें।

चचा! इसे भी पढ़ लो...

इन वाली खबरों ने रुक्का तार रखा...

Verified by MonsterInsights