पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। शनिवार रात से ही कई इलाकों में हल्की ठंडक महसूस की गई। रविवार सुबह हल्के कुहासे के साथ दिन की शुरुआत हुई। वहीं दोपहर में धूप निकली, लेकिन ठंडी हवाओं ने अहसास दिला दिया कि अब सर्दियां दस्तक दे चुकी हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तापमान में हल्की गिरावट जारी रहेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है, परंतु सुबह और देर शाम को कोहरा और ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) लखनऊ केंद्र के अनुसार आज दिन का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं रात के समय न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। हवा की गति 10 से 12 किमी प्रति घंटा रहेगी, जिससे ठंडक का एहसास बढ़ेगा। अगले 3 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, मौसम शुष्क और साफ रहने की आशंका जताई जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के बाद अब हवाएं उत्तर-पूर्वी दिशा से चल रही हैं। यही कारण है कि तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल रही है। आने वाले एक हफ्ते में सुबह और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की और कमी आ सकती है।





